परिषदीय विद्यालयों में सोमवार से वार्षिक परीक्षा शुरू हो रही हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। बीएसए ने सभी स्कूलों में बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति के निर्देश दिए हैं।
जिले में 1266 परिषदीय स्कूल संचालित है। इनमें करीब एक लाख विद्यार्थी पढ़ते हैं। शैक्षिक सत्र 2024-25 के लिए सभी परिषदीय स्कूलों में वार्षिक परीक्षा सोमवार से शुरू हो रही है। परीक्षा दो पालियों में होगी। कक्षा एक से पांच तक विद्यार्थियों की सिर्फ मौखिक परीक्षा होगी।
कक्षा छह से आठ तक केवल लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। पहली पाली का आयोजन सुबह साढ़े नौ बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली का आयोजन 12:30 से 2:30 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा संबंधी प्रश्नपत्र जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा तैयार कर उपलब्ध कराए गए हैं। परीक्षा के बाद परिणाम 29 मार्च को घोषित किया जाएगा। जिसमें अभिभावकों की उपस्थिति भी रहेगी।
कक्षा पांच तक सभी विषयों की होगी मौखिक परीक्षा
घोषित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार कक्षा एक से लेकर पांच तक सभी विषयों की मौखिक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। वहीं, कक्षा छह से आठ तक लिखित परीक्षा का आयोजन होगा। पहली पाली में कक्षा छह के लिए हिंदी व कक्षा सात व आठ के लिए विज्ञान की परीक्षा होगी, जबकि दूसरी पाली में तीनों कक्षाओं की संस्कृत व उर्दू की परीक्षा आयोजित होगी।
- परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी स्कूलों में परीक्षा के दौरान बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति के निर्देश दिए गए हैं। - डॉ. मोनिका, बीएसए