लिखित समझौते के बावजूद बीते पेराई सत्र का गन्ना के बकाया मूल्य भुगतान नहीं होने पर भाकियू असली ने 18 जुलाई को तहसील कार्यालय के सामने सड़क जाम करने का एलान किया है। चीनी मिल पर किसानों का करीब 30 करोड़ रुपया बकाया है।
भाकियू असली के जिला प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि भाकियू असली की ओर से बीते पेराई सत्र का संपूर्ण गन्ना मूल्य भुगतान की मांग को लेकर गन्ना समिति कार्यालय पर धरना दिया गया था। इस दौरान चीनी मिल के प्रबंधक दिनेश कुमार ने तहसीलदार की मौजूदगी में 16 जुलाई तक बकाया भुगतान का लिखित में वादा किया था। भाकियू नेता ने बताया कि 16 जुलाई बीत जाने के बाद भी मिल की ओर से भुगतान नहीं किया गया है। भाकियू असली के जिला महासचिव कपिल प्रधान की ओर से जारी एक पत्र में कहा गया है कि चीनी मिल प्रशासन की वादाखिलाफी के विरोध में 18 जुलाई को तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। दो बजे तक भुगतान की एडवाइज नहीं दिखाने पर स्टेट हाईवे जाम कर दिया जाएगा।