गजरौला। दिल्ली-लखनऊ रेलवे लाइन पर चार करोड़ से अंडरपास बनेगा। इसके बनने से दस से ज्यादा गांवों के लोगों का आवागमन सुगम होगा।
दिल्ली-लखनऊ रेलवे लाइन पर गफ्फारपुर के पास रेलवे फाटक है। इससे दस से ज्यादा गांवों के लोग गुजरते हैं जिनको जोया या हाईवे पर पहुंचने के लिए अमरोहा जाने की जरूरत नहीं पड़ती। वह सीधे कूबी से पपसरा को पार कर हाईवे पहुंचते हैं, मगर इस लाइन पर 24 घंटे में 110 से अधिक ट्रेन गुजरने के कारण अधिकांश समय फाटक बंद रहता है। इससे दोनों ओर जाम लग जाता है।
गन्ने के सीजन में दिक्कत और बढ़ जाती है। फाटक खुलने पर यातायात सामान्य होने में काफी समय लगता है। इससे निजात दिलाने के लिए रेलवे द्वारा फाटक पर अंडरपास बनवाने का निर्णय लिया जिसका काम कई दिन पूर्व शुरू हो गया। पांच मीटर ऊंचे और करीब पांच मीटर चौड़े अंडरपास पर चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसकी दोनों तरफ की लंबाई 190 मीटर रहेगी। सीनियर सेक्शन इंजिनियर (कार्य) नवीन पाल ने बताया कि अंडरपास बन जाने से दस से अधिक गांवों के ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा।
परेशानी होगी दूर,घटेगी दूरी
अंडरपास बनने से अमरोहा-धनौरा मार्ग के जीरखी, सिहाली, इब्राहिमपुर, गफ्फारपुर और आस पास के मंजूरपुरा, अटेरना समेत दस गांव के ग्रामीणों को बड़ा लाभ मिलेगा। उनको हाईवे और जोया आने जाने में कम चक्कर लगाना पड़ेगा। किसान नेता सुरेंद्र और जयकीरत सिंह का कहना है कि गन्ने के सीजन में लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।