तहेरे भाई और दोस्तों के साथ गोवा घूमने गए शहर के मोहल्ला अहमदनगर निवासी अरशद खान (35) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। अरशद रविवार की रात दो बजे अपने कमरे में अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उनके दोस्तों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन अरशद के शव को घर लाने की तैयारी में जुट गए हैं।
इससे पहले घर में नमाज पढ़ने के दौरान हार्ट अटैक से युवा व्यापारी नवेद असगर (35) की मौत हो गई। सीने में दर्द की शिकायत पर नवेद को चिकित्सक के पास लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। लकड़ा मोहल्ला निवासी नवेद असगर नकवी कपड़ा व्यापारी होने के साथ दैनिक रेल यात्री समिति के जिलाध्यक्ष भी थे। शुक्रवार की शाम वह अपने घर की छत पर नमाज पढ़ रहे थे। इस दौरान सीने में दर्द उठा। इसके कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।
मोहल्ला चकली निवासी ईंट भट्ठा कारोबारी बाकर अली खां की हार्ट अटैक से मौत हो गई। उन्हें हार्ट अटैक उस वक्त पड़ा जब वह दोस्तों के पास से वापस लौट रहे थे। दोस्त उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन वहां उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उनकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मोहल्ला चकली निवासी 38 वर्षीय ईंट भट्ठा कारोबारी बाकर अली खां पुत्र स्वर्गीय हसन अली शनिवार की रात मोहल्ला काजीजादा में अपने दोस्त के यहां गए थे। देर रात वहां से घर लौटने लगे। पैदल वापस लौटते समय रास्ते में उनकी तबीयत खराब लगी। जिस पर वह वापस अपने दोस्त के पास आ गए। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर दोस्त ने ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया तथा परिजनों को सूचना दी।