एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने छह टीमें गठित की हैं। जिसमें एसओजी और सर्विलांस टीम शामिल हैं। सभी टीमें मंडी धनौरा सीओ श्वेताभ भास्कर, हसनपुर का अरुण कुमार और नौगांवा सादात अंजलि कटारिया के नेतृत्व में टीमें गठित की हैं। बुधवार को पुलिस की एक टीम ने मेरठ के मवाना पहुंचकर जांच की। जबकि दूसरी टीम ने फार्म हाउस के आसपास जमीन से जुड़े विवाद को बारीकी से देखा। जबकि सर्विलांस और एसओजी की टीम ने अपने तरीके से हत्याकांड की जांच की।
पुलिस सूत्रों की माने तो मृतक के परिजनों ने जमीन से जुड़े विवाद और तीन साल से गांव के लोगों से चल रही रंजिश में हत्या की आशंका जताई है। लेकिन जांच के दौरान कई पुख्ता सबूत के आधार पर पुलिस की पूरी जांच जमीनी विवाद में हत्या की ओर घूम गई है। परिजनों की तरफ से नामजद कराया गया अशोक नाम का व्यक्ति भू-माफिया है। वह फार्म हाउस के आसपास की जमीन पर कब्जा करना चाहता है। इतना ही नहीं उसने अपने साथियों के साथ फार्म हाउस पर पहुंचकर जान से मारने की धमकी दे दी थी। जमीन को लेकर पहले भी कई बार विवाद हुआ थी। फिलहाल पुलिस की टीम अशोक और उसके गैंग से जुड़े लोगों को गिरफ्तार करने की कोशिश में जुटी है।
हत्या के खुलासे को दबिश दे रही तीन जिलों की पुलिस
डबल मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की आठ टीमों ने मंगलवार की रात गंगा पार बसे अमरोहा जिले के नया गांव, हापुड़ व मेरठ जिले के कई गांवों में दबिश दी। दर्जनों लोगों को उठाया। अमरोहा जिले के कुछ युवकों को भी पुलिस उठाकर ले गई। जिनसे अज्ञात स्थान पर ले जाकर पूछताछ की। बुधवार को भी पुलिस ने हत्यारों का सुराग लगाने के लिए अलग-अलग स्थान पर छापा मारा। इसके अलावा हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर थाना पुलिस और मेरठ के मवाना थाना की पुलिस भी हत्यारों तक पहुंचने के लिए सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जहां भी कुछ क्लू मिला, पुलिस ने वहीं पर दबिश दी। सीओ मंडी धनौरा श्वेताभ भास्कर का कहना है कि पुलिस खुलासे के लिए सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। सबूत हाथ लगते जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।