फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमरोहा : पिकअप और स्कूली वैन भिड़ीं, शिक्षिका और छात्रा की जान गई

Sat, 19 Jul 2025 01:51 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
हसनपुर (अमरोहा)। हसनपुर-गजरौला मार्ग पर शुक्रवार सुबह 7:20 बजे स्कूली वैन की पिकअप से टक्कर हो गई। इसमें वैन सवार छात्रा अनाया (5) और शिक्षिका निशा (24) की मौत हो गई जबकि वैन चालक, 13 बच्चे और एक शिक्षिका घायल हो गईं। घायलों को सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। इनमें से चार की हालत गंभीर बनी है। डीएम निधि गुप्ता वत्स, एसपी अमित कुमार आनंद और सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने हादसास्थल का मुआयना किया। साथ ही जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। प्रथमदृष्टया पिकअप चालक की लापरवाही से हादसा होने की बात सामने आई है।
विज्ञापन

कोतवाली क्षेत्र के गांव सहसौली में आईपीएस इंटरनेशनल स्कूल स्थित है। 21 दिन पहले ही स्कूल की मान्यता हुई है। स्कूल में हसनपुर और आसपास के गांवों से बच्चे रोजाना वैन में सवार होकर पढ़ने जाते हैं। शुक्रवार सुबह 7:20 पर भी बच्चे स्कूल जा रहे थे। वैन में 14 बच्चे व तीन शिक्षिका सवार थे। हसनपुर-गजरौला मार्ग पर मनौटा पुल के पास सामने से आ रही पिकअप से स्कूली वैन की टक्कर हो गई। इससे बच्चों में चीखपुकार मच गई।
राहगीरों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। हसनपुर के मोहल्ला कायस्थान निवासी अधिवक्ता सत्यप्रकाश सैनी की बेटी अनाया (5) की मौके पर ही मौत हो गई। वह एलकेजी में पढ़ती थी जबकि वैन चालक, 13 बच्चे और दो शिक्षिका निशा व रूबी घायल हो गईं। अनाया रूबी की बेटी थी और उन्हीं के साथ बैठी थी।
विज्ञापन

घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चार बच्चों और दो शिक्षिकाओं को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। सभी को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान हसनपुर के मोहल्ला होलीवाला निवासी शिक्षिका निशा की भी मौत हो गई। जिला अस्पताल से शिक्षिका व एक छात्रा स्वर्णा त्यागी को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि सड़क हादसे में स्कूली वैन में सवार बच्चे घायल हुए हैं। इनमें से एक बच्ची व शिक्षिका की मौत हुई है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्कूली वैन में ये थे सवार

हसनपुर क्षेत्र के गांव वहांपुर निवासी सुभाष के बेटे कवांश, बेटी काव्या व आरोही, अरविंद की बेटी आराध्या व बेटा अभिनव व अभिकांत, बिजेंद्र की बेटी आरोही, बेटा अभिनंदन वर्धन, विजय का बेटा अभिनंदन, स्वर्णा त्यागी, गांव सुल्तानपुर वीरान निवासी फुरकान का की बेटी वानया, इकबाल का बेटा अरहाम, आलम का बेटा अनाम, हसनपुर के मोहल्ला कायस्थान निवासी अधिवक्ता सत्यप्रकाश सैनी की बेटी अनाया, बेटा हितांश व पत्नी शिक्षका रूबी, हसनपुर के मोहल्ला होलीवाला निवासी शिक्षिका निशा, मोहल्ला लालबाग निवासी शिक्षिका आतिफा, व वैन चालक हयातपुर निवासी विशेष सवार घायल हुए है।
शिक्षिका मां के साथ बैठी थी अनाया
हादसे में जान गंवाने वाली छात्रा एलकेजी में पढ़ती थी। उसकी मां रूबी इसी स्कूल में पढ़ाती थी जबकि भाई हितांश भी इसी स्कूल में था। दोनों भाई-बहन मां रूबी के साथ वैन से स्कूल जाते थे। शुक्रवार सुबह भी अनाया वैन में मां के साथ ही बैठी थी। हादसे में अनाया की मां रूबी व भाई हितांश भी घायल हुए है। शिक्षिका रूबी की हालत नाजुक बनी हुई है।

शिक्षिका और बच्चों की मौत दुखद है। पिकअप के चालक को हिरासत में ले लिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पिकअप का चालक ट्रक को ओवरटेक कर रहा था तभी बाइक आ गई। इससे बचने के चक्कर में पिकअप और स्कूल वैन की टक्कर हुई है। मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। - अमित कुमार आनंद, एसपी अमरोहा

इस महीने अभियान चलाकर 83 स्कूली वाहनों के चालान काटे गए हैं। जिस तरह की वैन का हादसा हुआ है उसी तरह के 68 वाहनों को डेढ़ महीने में सीज करने की कार्रवाई की गई है। इस तरह के वाहनों को कार्रवाई करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। भविष्य में इस तरह के हादसे न हों इसके लिए स्कूल प्रबंधकों को भी नोटिस जारी किया जा रहा है। मनमानी करने वाले स्कूलों और वाहन मालिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। -महेश शर्मा, एआरटीओ, अमरोहा

21 दिन पहले हुआ था स्कूल का रजिस्ट्रेशन, बच्चों पर नहीं थे आई कार्ड

हसनपुर। हसनपुर-गजरौला मार्ग पर हुए भीषण हादसे में जिस स्कूल के बच्चों की वैन दुर्घटनाग्रस्त हुई। वह स्कूल हाल ही में खुला था और दुर्घटना के समय इसका संचालन हुए बहुत कम दिन हुए थे। बेसिक शिक्षा अधिकारी मोनिका ने बताया कि आईपीएस इंटरनेशनल स्कूल का शिक्षा विभाग में रजिस्ट्रेशन मात्र 21 दिन पहले, यानी 27 जून को हुआ था। वहीं, स्कूल के वर्तमान शिक्षण सत्र का शुभारंभ तो 16 दिन पहले यानी दो जुलाई को ही किया गया था। यह तथ्य दिखाता है कि स्कूल अपनी शुरुआत के बहुत ही प्रारंभिक चरण में था। दुर्घटना के समय बच्चों के पास आई-कार्ड भी नहीं थे, जो एक नए स्कूल की अव्यवस्था और तैयारियों की कमी को दर्शाता है। अपनी शुरुआत के कुछ ही दिनों में स्कूल को इतना बड़ा झटका लगा है। यह घटना स्कूल प्रबंधन के लिए एक गंभीर सबक है। उन्हें अपनी परिवहन व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा मानकों पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।
- शुक्रवार सुबह जो घटना हुई है। वह बहुत ही दुखद है। बच्चों लाने ले जाने के लिए अस्थायी रूप से निजी वैन को हायर किया हुआ था। घटना का जो भी दोषी होगा। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। बच्चों सुरक्षा सर्वोपरि है। - मनोज चौहान, स्कूल प्रबंधक
हादसे के बाद हसनपुर-गजरौला मार्ग पर लगा जाम

फोटो



हसनपुर। हसनपुर-गजरौला मार्ग पर शुक्रवार सुबह 7:20 बजे स्कूली वैन और पिकअप के बीच हुई टक्कर के बाद यातायात प्रभावित हुआ। दुर्घटना के कारण सड़क पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटे वाहन जाम में फंसे रहे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इससे स्थिति और बिगड़ गई। पुलिस के पहुंचने और बचाव कार्य शुरू होने तक यातायात बाधित रहा। इस दौरान, काम पर जाने वाले लोगों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया और यातायात को सामान्य किया।
अमरोहा हादसा : सब्बल से काटकर वैन में फंसे बच्चों को निकाला बाहर

हसनपुर। हसनपुर-गजरौला मार्ग पर स्कूली वैन व पिकअप में टक्कर के बाद वैन का आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। बच्चे वैन में फंस गए थे। वैन के दरवाजे नहीं खुल रहे थे। हसनपुर निवासी शिक्षक मनु शर्मा ने बताया कि सुबह जब हादसा हुआ तो वह भी अपने स्कूल जा रहे थे। अचानक तेज आवाज व बच्चों की चीखपुकार सुन वह वैन के पास पहुंचे। उन्होंने बच्चों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजे खुल नहीं रहे थे। इसलिए लोहे के सब्बल से दरवाजे को खोला गया। दरवाजे का एक हिस्सा काटा गया, तब बच्चों को बाहर निकाला जा सका। उधर, एचएसएस पब्लिक स्कूल के स्टाफ की बस भी उसी समय गजरौला की दिशा से आ रही थी, स्टाफ के लोगों ने मानवता दिखाते हुए बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में सहायता कराई।

लहराते हुए चला रहा था लोडर पिकअप का चालक
हसनपुर। शिक्षक मनु शर्मा ने बताया कि जिस लोडर पिकअप ने स्कूली वैन को टक्कर मारी उसका चालक या तो किसी नशे में था या उसे नींद आ रही थी। वह वाहन को लहराते हुए चला रहा था। गलत साइड में जाकर जैसे ही पिकअप के चालक ने उसे राइट साइड में ले जाने का प्रयास किया तो हादसा हो गया। उधर, प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि लोडर पिकअप को कब्जे में कर लिया और उसके चालक को भी पकड़ लिया गया है। पिकअप में क्रोकरी का सामान भरा था, जो गाजियाबाद से संभल के लिए जा रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें