हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में अनियंत्रित होकर युवक की बाइक पेड़ से जा टकराई। इससे उनकी मौत हो गई। युवक की करीब डेढ़ माह पहले शादी हुई थी। परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। कोतवाली क्षेत्र के गांव रजोहा में किसान भूकन सिंह का परिवार रहता है।
विज्ञापन
भूकन सिंह के बड़े बेटे विकास कुमार की डेढ़ माह पहले शादी हुई थी। घर में खुशी का माहौल था। विकास नोएडा की एक फैक्ट्री में नौकरी करता था। बताते हैं कि शनिवार की रात को विकास बाइक पर सवार होकर नोएडा से अपने गांव जा रहा था।
हसनपुर से जैसे ही वह अपने गांव रजोहा की तरफ चला तो स्वर्गीय चेतन चौहान मार्ग पर गांव भूतखदेडी के नजदीक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में युवक की मौत हो गई। मौत की सूचना से ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
विज्ञापन
पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों को जानकारी दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।