गजरौला (अमराेहा)। होटल में खाना खा रहे एक युवक से 10-12 युवकों ने मारपीट की। आरोप है कि विरोध करने पर उस पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
नगर के मोहल्ला बसंत विहार निवासी प्रशांत गोस्वामी मंगलवार की रात साढ़े नौ बजे फाजलपुर फाटक के पास एक होटल में खाना खा रहा था। उसका आरोप है कि इसी दौरान अजय उर्फ छोटू भाटी व साहिल मेवाती आए। उनके साथ 10-12 युवक थे। प्रशांत गोस्वामी का आरोप है कि युवकों ने आते ही उसके साथ गाली गलौज कर दी। जिसका विरोध करने पर उस पर चाकू व नुकीले हथियार से हमला कर दिया। उसका सिर फट गया। शरीर में अन्य स्थानों पर भी घाव हो गए। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी भाग गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से रेफर कर दिया गया। पुलिस ने अजय उर्फ छोटू भाटी व साहिल मेवाती के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि साहिल मेवाती का आपराधिक इतिहास है। वह चोरी के मामले में जेल भी जा चुका है। इसके अलावा तीन-चार महीने पूर्व अतरपुरा मोहल्ले में जन्म दिन कार्यक्रम में उसने दूसरे समुदाय के युवक के घर में घुस कर मारपीट की थी। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायल के शरीर में चोट के आधार पर धाराओं में वृद्धि की जाएगी।