पिता से पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद पत्नी और कार समेत गंगा में कूदे शाने आलम की पत्नी नाजिया का शव 96 घंटे बाद दयावती गांव में गंगा किनारे मिला। नाविकों ने शव मिलने पर परिजनों को सूचना दी। शव गलने से चेहरे से पहचान नहीं हो पाई। परिजनों ने कपड़ों से उसकी पहचान नाजिया के रूप में की।
बृहस्पतिवार की शाम गंगा में डूबी नाजिया को गोताखोर, नाविक फ्लड पीएसी जवान और पुलिस कर्मी सुनपुरा खादर से लेकर कांकाठेर के सामने तक तलाश करते रहे। उनको संभावना थी कि उसका शव बह कर आस पास कहीं किनारे पर लग गया होगा।
इस कारण वह आगे की तरफ नहीं गए। मगर सोमवार को ब्रजघाट के नाविक गंगा में नाव लेकर घूमते हुए दयावली के जंगल में पहुंच गए। उन्होंने शव पड़ा देख परिजनों को सूचना दी।