अमरोहा पुलिस कर रही जांच (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : साेशल मीड़िया
घर से उपले थापने गई किशोरी के साथ गांव के ही अभियुक्तों ने दुष्कर्म किया। आरोपियों में एक नाबालिग भी है। परिजनों को किशोरी एक खेत में बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। मामले में अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना रजबपुर थानाक्षेत्र के गांव की है। यहां पर किसान का परिवार रहता है। शुक्रवार की शाम किसान की 15 वर्षीय बेटी गांव के बाहर ग्राम समाज की खाली पड़ी जमीन में उपले थापने गई थी। लेकिन देर शाम तक वह घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने किशोरी को तलाश किया तो वह थोड़ी दूर स्थित खेत में बेहोशी की हालत में पड़ी मिली।
किशोरी के कपड़ों व शरीर पर खून लगा हुआ था। थोड़ी देर में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले को गंभीरता से लेकर एसपी अमित कुमार आनंद के निर्देश पर फोरेंसिक व डॉग स्क्वाॅड टीम भी मौके पर पहुंच गई।
होश में आने पर किशोरी ने अपने परिजनों की मौजूदगी में पुलिस को बताया कि अमान और उसके नाबालिग साथी ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। विरोध करने पर मारपीट की गई। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास शुरू हो गए। लेकिन, किशोरी के परिजनों ने समझौता करने से इन्कार कर दिया।
सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि मामले में पीड़ित किशोरी के पिता की तहरीर पर अमान और उसके नाबालिग साथी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।