पुलिस ने इसके लिए बैरियर और रस्सी की बैरिकेडिंग की है। जगह-जगह पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। कांवड़ियों केे लौटने का सिलसिला शुरू होते ही प्लान लागू किया जाएगा।
26 फरवरी को फाल्गुन माह की महाशिवरात्रि है। कांवड़ यात्रा शुरू हो चुकी है। इस माह में अमरोहा के अलावा संभल, चंदौसी, बरेली, रामपुर और मुरादाबाद क्षेत्र से शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लेकर आते हैं। इसके लिए शिवभक्तों का हरिद्वार जाने का सिलसिला शुरू हो गया हैं।
महाशिवरात्रि के दिन भगवान भोले नाथ का वासुदेव तीर्थ स्थल समेत जिलेभर के करीब 62 मंदिरों पर जलाभिषेक किया जाएगा। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाईवे से लेकर अमरोहा-बिजनौर मार्ग पर पुलिस का पहर बैठा दिया गया है। हरिद्वार से कांवड़ियों के जत्थे अमरोहा-बिजनौर मार्ग से होते हुए मुरादाबाद, गजरौला, अमरोहा, संभल आदि मांर्गों के लिए गुजरते हैं। इसके चलते सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। हाईवे पर रात्रि गश्त भी बढ़ाई जाएगी। बड़ी संख्या में कांवड़िये हरिद्वार जा रहे हैं। अब उनका लौटने का सिलसिला भी शुरू हो जाएगा। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने अमरोहा शहर से होकर गुजरने वाले कांवड़ियों के लिए अमरोहा से जोया जाने वाली लेन को आरक्षित किया है।
वहीं, नौगांवा सादात में भी जगह-जगह बैरियर लगाकर रस्सी की बैरिकेडिंग भी की गई है। जबकि, अमरोहा शहर में लकड़ा चौराहे से लेकर बंबूगढ़ चौराहे तक रस्सी की बैरिकेडिंग की गई है। जगह-जगह बैरियर लगाए गए हैं। जिससे कांवड़ियों की लाइन में आने वाले वाहनों को रोका जा सके।
- कांवड़ियों की सुरक्षा में किसी भी तरह के लापरवाही नहीं बरती जाएगी। जगह-जगह ड्यूटी लगाई गई हैं। अमरोहा से जोया लेन को कांवड़ियों के लिए सुरक्षित किया गया है। जैसे ही कांवड़िये आने लगेंगे तुरंत इस लेने पर वाहनों को रोक दिया जाएगा। - अरुण कुमार, सीओ सिटी