छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बृहस्पतिवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। अमरोहा के एक मोहल्ले में स्थित डेयरी पर रजबपुर क्षेत्र के खालकपुर गांव निवासी शिवांशु चौधरी काम करता है।
बुधवार रात मोहल्ले के ही व्यक्ति की 12 वर्षीय बेटी दही लेने डेयरी पर गई थी। आरोप है कि डेयरी पर मौजूद शिवांशु बच्ची को दही देने के बहाने भीतर ले गया और उसके साथ छेड़खानी की। दुष्कर्म करने का भी प्रयास किया। शोर मचाने पर भीड़ जमा हो गई।
मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर इंस्पेक्टर पंकज तोमर पुलिस के साथ पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत किया। इसके बाद पुलिस शिवांशु चौधरी को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। कुछ देर बाद बच्ची के समुदाय के लोग कोतवाली पहुंचे और हंगामा करने लगे।
सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि बच्ची की माता की तहरीर पर आरोपी शिवांशु के खिलाफ छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।