अमरोहा। बिना ले आउट पास बसाई जा रही कॉलोनियों पर लगातार सख्ती की जा रही है। पहले भी बिना नक्शा पास बसाई जा रही कई कॉलोनियाें पर कार्रवाई की जा चुकी है। बृहस्पतिवार को भी तहसील प्रशासन ने अमरोहा में तकिया मोती शाह इलाके में बिना ले आउट पास प्लॉटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया।
शहर व्यवस्थित रूप से बसे इसके लिए आवासीय एवं औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भी अलग-अलग जगहों का निर्धारण किया गया है। वहीं, शहर में बिना ले-आउट पास कराकर बसाई जा रही कॉलोनियां बसाई जा रही हैं जिसमें बिना सुविधाओं के ही लोगों को प्लॉटिंग बेची जा रही है। डीएम की सख्ती के बाद विनियमित क्षेत्र प्राधिकारी भी अवैध कॉलोनियों को लेकर सख्त हो गए हैं।
बिना ले-आउट बसाई जा रही कॉलोनियों का चिह्निकरण कराने के बाद प्लॉटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा रही है। बृहस्पतिवार को अमरोहा के मोहल्ला तकिया मोती शाह में एसडीएम शैलेष दुबे के निर्देश पर नायब तहसीलदार रूपक सक्सेना, जेई विनियमित क्षेत्र भानुप्रताप सिंह ने बिना ले आउट पास बसाई जा रही कॉलोनी में प्लॉटिंग को ध्वस्त करा दिया। जेई भानुप्रताप सिंह ने बताया कि बिना ले आउट पास कराए बसाई जा रहीं कॉलोनियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। संवाद