कड़ाके की ठंड में प्रत्याशियों के बिगड़े बोल से राजनीतिक माहौल गरम है। प्रत्याशी एक-दूसरे पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने से भी बाज नहीं आ रहे। पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे रहे हैं। अब हसनपुर विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी मुखिया गुर्जर के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। जिसमें वह भाजपा के विधायक व प्रत्याशी को भ्रष्टाचारी बताकर उनका माल लूटकर सपा समर्थकों को बांटने की बात कह रहे हैं। उन्होंने शासन प्रशासन के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इस मामले में पुलिस ने सपा प्रत्याशी मुखिया गुर्जर समेत एक सौ से अधिक लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
सोशल मीडिया पर वायरल 2.50 मिनट के इस वीडियो में उन्होंने कहा कि वह भाजपा में जरूर थे, लेकिन उन्होंने मुलायम सिंह का साथ कभी नहीं छोड़ा था। कहा कि भाजपा के लोग मुझे कट्टर हिंदू बताते हैं। लेकिन मैं कहता हूं कि हिंदू-मुस्लिम सब भाई-भाई है। इस विधायक ने जो भ्रष्टाचार कर रखा है, इससे हिसाब चुकता करके और इसका सारा माल लूटकर तुम्हारे घर में पहुंचा दूंगा। मैं ऐसे कामों के लिए जाना-जाता हूं और यह जो शासन-प्रशासन मुकदमे की बात करता है, उसकी ऐसी की तैसी, मैं 16 बार जेल जा चुका हूं। ये मुझ पर मुकदमा लगाएंगे। मुझ पर बेईमानी नहीं आती है। मैं इस देश के महापुरुषों और क्रांतिकारियों को सिद्धांत मानकर राजनीति में आया हूं। मैं साफ-सुथरी बात करता हूं। इसके अलावा उनका 30 सेकेंड का एक वीडियो और सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसमें वह एक दरोगा को हड़काते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर शांति रखना चाहते हो... मुझे अच्छी तरह से जानते हो। तुम मेरठ में रहकर आए हो इसलिए मेरे भाई हो। वरना पुलिस-बुलिश और तुम्हारे अधिकारियों का इलाज एक मिनट में करना जानता हूं। धमकी भरी वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई और वायरल वीडियो के आधार पर मुखिया गुर्जर, जाकिर प्रधान, शाहनावाज अंसारी और 90-100 अज्ञात लोगों के खिलाफ आचार संहित और कोविड गाइडलाइन के अलंघन के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली है।
वायरल वीडियो के आधार पर सपा प्रत्याशी मुखिया गुर्जर और उनके समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
- चंद्र प्रकाश शुक्ला, एएसपी अमरोहा
समाजसेवा की तो जुल्मी पुलिस वालों ने 16 बार जेल कटवा दी थी। मुकदमा लिख जाना मेरा जेवर है। मैंने किसी को धमकी नहीं दी है, मैंने भाजपा के गुंडों से क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा के लिए कहा था।
- मुखिया गुर्जर सपा प्रत्याशी, हसनपुर विधानसभा सीट