कांग्रेस पार्टी ने नौगांवा सादात विधानसभा सीट से रेखा रानी और हसनपुर क्षेत्र से आसिम हुसैन साबरी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इससे पहले धनौरा और अमरोहा के उम्मीदवार घोषित किए जा चुके थे। ये दोनों प्रत्याशी शुक्रवार को नामांकन कराएंगे।
जिले की राजनीति में लंबी पारी खेलने वाले चौधरी सुखराज सिंह की पत्नी रेखा रानी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। रेखा रानी महिला कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। उनकी शिक्षा कक्षा आठवीं तक है। वहीं मूलरूप से नेशनल हाईवे पर स्थित शाहबाजपुर डोर निवासी कुंवर आसिम हुसैन साबरी को हसनपुर सीट से प्रत्याशी बनाया है। वह बीटेक हैं। उनके परिवार की कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं रही है। वह कंस्ट्रक्शन के क्षेत्र में बिल्डर का काम करते हैं। उन्होंने वर्ष 2001 से कांग्रेस से जुड़े और कार्यकर्ता के रूप में पार्टी की सेवा करते रहे। वर्तमान में वह जिला कांग्रेस कमेटी के जिला महासचिव एवं विधानसभा प्रभारी के रूप में कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही मुख्य राजनीतिक दलों के सभी प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं।