अमरोहा की जनसभा में सीएम अखिलेश यादव के साथ प्रत्याशी महबूब अली ।
- फोटो : amar ujala
हमें अमरोहा की जनता पर भरोसा है, जैसे पूर्व चुनाव में चारों प्रत्याशियों को जिताया था, इस बार फिर सभी प्रत्याशियों को जिताकर दोबारा सरकार बनाने का मौका दे रही है। पहले चरण के चुनाव में सपा सबसे आगे निकल गई है। जनता में जोश और उत्साह है। सपा ने काम को जमीन पर उतारा है। आने वाले समय में और ज्यादा काम करेंगे।
बीजेपी के नेता मन की बात करते हैं, काम नहीं, आगे भी बात ही करेंगे। अखिलेश और राहुल की जोड़ी यूपी ही नहीं सांप्रदायिक ताकतों को देश में भी आने से रोकने का काम करेगी। उक्त बातें सीएम अखिलेश यादव ने रविवार को अमरोहा के मिनी स्टेडियम में कहीं।
अमरोहा विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी कैबिनेट मंत्री महबूब अली के समर्थन में मिनी स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि महबूब अली की ऐतिहासिक जीत होगी। महबूब अली को कई विभागों का अनुभव है, उन्हें इस बार उन्हें और अच्छा मंत्रालय दिया जाएगा, जिससे जनता के बीच में रहकर और अच्छा कार्य कर सकें।
जनता को समाजवादी के काम पर भरोसा है। हमने काम को जमीन पर उतारा है। हर वादे पूरे किए हैं। मौका मिला तो इस बार और अच्छा कार्य करेंगे। कांग्रेस के साथ गठबंधन होने से साइकिल की रफ्तार हो तेज हो गई है। अखिलेश और राहुल गांधी की जोड़ी यूपी ही नहीं सांप्रदायिक ताकतों को देश में भी आने से रोकने का काम करेगी। यूपी की जनता को सपा पर भरोसा है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी के नेता रेडियो और टीवी पर मन की बात करते हैं, लेकिन काम नहीं करते हैं। हम उनसे पूछना चाहते हैं काम कब करोगे। अच्छे दिन कब आएंगे। अभी तक कोई अच्छा काम नहीं किया है।