बिजली विभाग के एक्सईएन कार्यालय के बाबू को ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने एक कथित पत्रकार को गिरफ्तार कर लिया। उस पर दफ्तर में घुसकर सरकारी काम में बाधा डालने का भी आरोप है। पुलिस ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर थाने से जमानत दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह प्रकरण नगर के मोहल्ला नई बस्ती स्थित विद्युत विभाग के एक्सईएन प्रथम कार्यालय का है। एसएसआई जितेंद्र बालियान ने बताया कि मंगलवार की शाम एक कथित पत्रकार कार्यालय में पहुंचा और वीडियो बनाने लगा। उसने खुद को एक निजी चैनल का पत्रकार बताया और विभाग की फर्जी रसीदें होने का दावा करते हुए दफ्तर में तैनात बाबू (कार्यकारी सहायक) आसिफ सिद्दीकी को ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि कथित पत्रकार ने 50 हजार रुपये की मांग की और नहीं देने पर वीडियो चलाकर नौकरी से हाथ धोने की धमकी दी।
बाबू आफिस सिद्दीकी ने इसका विरोध किया तो कथित पत्रकार ने हंगामा शुरू कर दिया। कर्मचारियों से अभद्रता की और दफ्तर में रखीं फाइलें फेंक दीं। सरकारी काम में बाधा डाली। तभी एक्सईएन कार्यालय में तैनात सभी कर्मचारी एकत्र हो गए और कथित पत्रकार को मौके पर पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और कथित पत्रकार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान कथित पत्रकार ने अपना नाम रोहित कुमार निवासी खालकपुर थाना अमरोहा देहात बताया। एसएसआई के मुताबिक इस मामले में बिजली विभाग के बाबू आसिफ सिद्दीकी की तहरीर पर रोहित के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल आरोपी कथित पत्रकार रोहित को थाने से ही जमानत दे दी गई है।