अमरोहा डिडौली पुलिस की गिरफ्तार में शराब और तस्कर।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। वाहन चेकिंग के दौरान डिडौली पुलिस ने अरुणाचल प्रदेश की शराब से भरा कैंटर पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से चंडीगढ़ के दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब दस लाख रुपये बताई जा रही है। शराब घरेलू सामान में छिपाकर बिहार के लिए सप्लाई की जाती है। पुलिस ने तस्करों को खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
सीओ जितेंद्र सिंह इसका खुलासा करते हुए बताया कि जिलेभर में अपराध नियंत्रण और अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी अजय प्रताप के निर्देशन में रविवार की रात डिडौली पुलिस हाईवे स्थित नारंगपुर चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी गजरौला की तरफ से आ रहे एक कैंटर को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक डीपर जलाते हुए भाग निकला। शक के आधार कैंटर का पीछा किया और जोया में पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कैंटर घरेलू सामान के नीचे दबी 490 शराब की पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 48 पव्वे भरे थे। जो अरुणाचल मार्का के थे। चेक करने पर कैंटर का नंबर फर्जी निकला। शराब तस्करों ने पुलिस को धोखा देने के लिए फर्जी नंबर लिखा रखा था। पुलिस ने कैंटर के चालक और परिचालक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम सुहेल अहमद निवासी 131 सिमरी पुरुषोत्तमपुर थाना कोतवाली देहात जिला सुल्तानपुर हाल पता इंडस्ट्रियल एरिया फेस-6 मोहाली चंडीगढ़ बताया। जबकि परिचालक ने अपना नाम दीनदयाल यादव निवासी गांव कंहौली थाना हसनपुरा जिला सिवान बिहार हाल पता गैस एजेंसी के पास झुग्गियों में फेस-बी मोहाली चंडीगढ़ बताया है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। एसपी के मुताबिक दोनों शराब तस्कर हैं। इनका आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस ने कैंटर को भी सीज कर दिया है।
शराब तस्करी करने का तरीका
अमरोहा। एसपी डॉ विपिन ताडा ने बताया कि तस्कर घरेलू सामान की आड़ में शराब से भरी गाड़ी लाडलू अंबाला रोड चडीगढ़ से अभिषेक नाम के व्यक्ति से लेकर चलते हैं। अभिषेक यह गाड़ी अपने मालिक मंटू सिंह से लेकर आरोपी को लखनऊ तक छोड़ने के लिए 20 हजार रुपये लेता है। लखनऊ से कोई अन्य ड्राइवर यह गाड़ी बिहार तक लेकर जाता है।