आदमपुर थाना क्षेत्र के एक ही गांव में युवक के आत्महत्या करने के कुछ घंटों बाद ही एक युवती ने भी अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। हालांकि दोनों की मौत पर एक दूसरे से किसी भी तरह के संबंध होने के बारे में ग्रामीण इंकार कर रहे है। बिना कार्रवाई के ही परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस घटना की जानकारी से इंकार कर रही है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार रात को 22 वर्षीय युवक ने जंगल में एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह को इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो होश उड़ गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार करने के बाद जैसे ही ग्रामीण लौटे तो कुछ समय बाद ही गांव की ही रहने वाली 18 वर्षीय इंटरमीडिएट की छात्रा ने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। बताते हैं कि छात्रा का अपनी बड़ी बहन से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। उधर, मरने वाले युवक के परिजनों का कहना है कि युवक नशे का आदी था। पिता ने नशा करने से रोका तो उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। दोनों अलग-अलग मोहल्ले के रहने वाले हैं। आदमपुर थाना प्रभारी राम प्रकाश शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। यदि कोई तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।