अमरोहा। बिजनौर के शिवाला कलां में जन्मदिन पार्टी के दौरान गोली मारकर लोकेश की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार शाम नौगावां क्षेत्र में कांठ तिराहा याहियापुर में जाम लगाकर हंगामा किया। करीब डेढ़ घंटे तक लगे जाम के कारण यातायात पूरी तरह बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुरक्षा के लिहाजा से तीन थानों का फोर्स तैनात रहा। जबकि तीन सीओ के साथ नौगावां तहसीस एसडीएम भी मौके पर पहुंच और कार्रवाई का आश्वासन देकर आक्रोशित परिजनों को समझाकर शांत किया। देर रात परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
नौगावां सादात थानाक्षेत्र के गांव अल्हेदादपुर निवासी दिवंगत जीवन सिंह के बेटे लोकेश उर्फ टंडेल की हत्या बृहस्पतिवार रात उस समय हुई जब वह अपने दोस्त विशाल पाल के जन्मदिन समारोह में शामिल होने बिजनौर के शिवाला कलां गया था। पार्टी के दौरान किसी विवाद के चलते उसे गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोकेश नोएडा की एक फैक्टरी में नौकरी करते थे और हाल ही में मां की तबीयत खराब होने पर घर आए थे। परिवार में उसकी मां कमलेश देवी, भाई अंकुर चौहान और दो बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन देर रात ही शिवाला कलां के लिए रवाना हो गए। शुक्रवार शाम तक जब शव गांव नहीं पहुंचा तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर अमरोहा-बिजनौर मार्ग के रजाकपुर चौराहा पर जाम लगा दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलने पर सीओ अवधभान भदौरिया, अंजलि कटारिया और पंकज त्यागी सहित तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। नौगावां सादात एसडीएम सुनीता सिंह भी मौके पर पहुंचीं और जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों समझाने का प्रयास किया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब शाम सात बजे परिजनों ने जाम खोला। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि बिजनौर में शव को पोस्टमार्टम के बाद गांव भेजने की प्रक्रिया चल रही है और बिजनौर पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।