मोबाइल के विवाद में कुछ युवकों ने घर में घुसकर शिक्षक के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। शिक्षक का निजी अस्पताल में इलाज कराया गया है। शिक्षक की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बछरायूं क्षेत्र के गांव इंदरपुर निवासी कुलदीप सिंह मुन्नीदेवी सैनी आदर्श इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। उनका कहना है कि ग्राम कपसुवा निवासी सोनू रोजाना कॉलेज के पास घूमता रहता था। एक दिन उसको वहां से भगा दिया और दोबारा से वहां नहीं दिखाई देने की हिदायत दी थी। इस दौरान सोनू का मोबाइल फोन वहां गिर गया। उस फोन को कॉलेज में जमा करा दिया गया था। शिक्षक का आरोप है कि बीते शुक्रवार को सोनू, उसका एक दोस्त मोहित व तीन अन्य युवक उसके घर में घुस आए। उन्होंने धारदार हथियार से उसके सिर पर वार कर दिया। शिक्षक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने सोनू, मोहित व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।