गजरौला। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा किनारे लगे तिगरी मेले से लौटने वाले श्रद्धालुओं के ट्रैक्टर-ट्रॉली कांकाठेर-ओसीता जगदेवपुर से निकलेंगे। तिगरी-गजरौला मार्ग पर मेले से लौटने वाले वाहनों पर पाबंदी रहेगी। इस मार्ग से सिर्फ श्रद्धालुओं के वाहन तिगरी मेले में जाएंगे।
गंगा किनारे लगे तिगरी मेले में करीब 15 दिन पहले से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। बुधवार को कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के बाद सुबह से ही श्रद्धालुओं के घर लौटने का सिलसिला जारी हो जाएगा। गंगा में डुबकी लगाने के बाद तड़के से ही श्रद्धालुओं के वाहन लौटने लगेंगे। वहीं, सभी श्रद्धालुओं को घर लौटने की जल्दी रहती है।
ऐसे में तिगरी से कांकाठेर और हाईवे तक वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है। उधर, कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा में डुबकी लगाने के लिए इस दिन भी श्रद्धालु तिगरी धाम जाते हैं। तिगरी मेला से लौटने वाले वाहनों के कारण जाम न लग जाए, इसके लिए मेले से वापसी वाले वाहनों को तिगरी-गजरौला मार्ग पर नहीं आने दिया जाएगा उन्हें कांकाठेर-ओसीता जगदेवपुर से निकाला जाएगा जबकि श्रद्धालु तिगरी-गजरौला मार्ग से गंगा मेले में पहुंचेंगे।
- तिगरी-गजरौला मार्ग तिगरी गंगा मेला जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रहेगा। लौटने वाले वाहन कांकाठेर-ओसीता जगदेवपुर से निकलेंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं के कुछ वाहन शहवाजपुर डोर से निकल कर गंतव्य को पहुंचेंगे। - अंजलि कटारिया, सीओ