हसनपुर तहसील बार एसोसिएशन के सदस्य व बसपा प्रत्याशी गंगासरन खड़गवंशी को विधानसभा चुनाव न लड़ाने का आरोप बार अध्यक्ष महीपाल सिंह पर लगाते हुए कई अधिवक्ताओं ने बार एसोसिएशन की सदस्यता से त्याग पत्र सौंप दिया।
पूर्व बार अध्यक्ष मुजाहिद चौधरी का कहना है कि बार अध्यक्ष को अपने साथी अधिवक्ता का चुनाव में समर्थन करना था। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इससे क्षुब्ध होकर बसपा प्रत्याशी व अधिवक्ता गंगासरन खड़गवंशी समेत तहसील बार एसोसिएशन के कई सदस्यों ने बार की सदस्यता से त्याग पत्र बार अध्यक्ष महीपाल सिंह को सौंप दिया है।
कहा कि अधिवक्ताओं को एक होकर रहना चाहिए था, लेकिन बार अध्यक्ष ने ऐसा नहीं किया। आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी महेंद्र सिंह खड़गवंशी को खुलेआम चुनाव लड़ाया गया। पत्र में पचास से ज्यादा लोगों के नाम हैं।वहीं, तहसील बार एसोसिएशन अध्यक्ष महिपाल सिंह ने कहा कि लगाए गए आरोप निराधार हैं। किसी भी अधिवक्ता द्वारा मुझे त्यागपत्र नहीं सौंपा गया है।