तहसील कार्यालायों व न्यायालयों में भ्रष्टाचार को लेकर हड़तपाल पर चले अधिवक्ताओं के साथ एसडीएम की वार्ता हुई। एसडीएम के आश्वासन पर अधिवक्ताओं ने हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया।
बार एसोसिएशन ने वादकारियों एवं अधिवक्ताओं के हित में कई दिन से चल रही हड़ताल के संबंध में सोमवार को उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार के आग्रह पर तहसील बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल के साथ वार्ता हुई। इस दौरान तहसीलदार अभय कुमार सिंह व नायब तहसीलदार केके चौरसिया भी मौजूद रहे। तहसील बार महासचिव सुरमित कुमार गुप्त एवं कार्यकारिणी के अन्य अधिवक्ताओं ने एसडीएम के समक्ष अपनी मांगें रखीं। कहा कि राजस्व संहिता के तहत वादों का निर्धारित अवधि में निस्तारण व अमल बरामद किया जाए। पांच साल से अधिक के पट्टा भूमि को संक्रमणीय घोषित किया जाए। धारा 24 और 80 के नियमों का निर्धारित अवधि में निस्तारण हो। एसडीएम ने सभी मांगों पर अपनी सहमति प्रदान करते हुए जल्द ही समस्या का निराकरण करने का आश्वासन दिया। इसके बाद अध्यक्ष सुबोध कुमार ने हड़ताल समाप्ति की घोषणा की। मंगलवार से सभी न्यायालयों में न्यायिक कार्य सुचारू रूप से किया जाएगा। इस मौके पर उपाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ,कनिष्ठ उपाध्यक्ष राजवीर पोसवाल, कोषाध्यक्ष फतेह सिंह, विशाल शर्मा, चौधरी गजेंद्र सिंह, नासिर अली, केशव प्रजापति, उदल सिंह, अरविंद कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।