अमरोहा। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 में एमएड, एलएलएम और एलएलबी में प्रवेश के लिए संबद्ध महाविद्यालयों और सीटों की सूची जारी कर दी है। एमएड के लिए नौ महाविद्यालयों में कुल 500 सीटें हैं। इनमें 50-50 सीटों वाले महाविद्यालयों के साथ हिंदू कॉलेज में 100 और आरएसडी एकेडमी में 50 सीटें शामिल हैं।
जेएस हिंदू पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रत्येक महाविद्यालय में पांच सीटें ईडब्ल्यूएस के लिए निर्धारित हैं। रानी भाग्यवती देवी महिला महाविद्यालय में एमएड की सीटें केवल छात्राओं के लिए हैं। एलएलएम में दो महाविद्यालय शामिल हैं।
हाशमी कॉलेज ऑफ लॉ अमरोहा और कृष्णा कॉलेज ऑफ लॉ, बिजनौर में 20-20 सीटें हैं। दोनों में दो-दो सीटें ईडब्ल्यूएस के लिए निर्धारित हैं।
एलएलबी की पढ़ाई के लिए मुरादाबाद के केदारनाथ गिरधारी लाल खत्री पीजी कॉलेज को संबद्ध किया गया है। यहां 300 सामान्य और 30 ईडब्ल्यूएस समेत कुल 330 सीटें हैं। विश्वविद्यालय ने इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। अभ्यर्थी 12 से 14 सितंबर तक ऑनलाइन च्वाइस फिलिंग करेंगे।
16 और 17 सितंबर को आवंटित कॉलेज में पहुंचकर दस्तावेजों के सत्यापन के बाद प्रवेश लिया जा सकेगा। काउंसिलिंग शुल्क 500 रुपये निर्धारित है।