अमरोहा। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय मुरादाबाद से संबद्ध महाविद्यालयों में एलएलबी, एलएलएम और एमएड में दाखिले की प्रक्रिया प्रवेश परीक्षा के जरिए होगी। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 17 अगस्त थी। विश्वविद्यालय ने प्रवेश परीक्षा अगस्त के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित की है। निश्चित तिथि बाद में घोषित होगी।
जेएस हिंदू पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रवेश परीक्षा की तिथि और अन्य जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट व समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को वेबसाइट नियमित रूप से देखने की सलाह दी गई है। समर्थ पोर्टल से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को 150 रुपये पंजीकरण शुल्क और 800 रुपये प्रवेश परीक्षा शुल्क समेत कुल 950 रुपये जमा करने थे। अनुदानित केजीके स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुरादाबाद के तीन वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम में प्रवेश भी विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा के आधार पर होगा।
संबद्ध महाविद्यालयों में सीटें सीमित होने के कारण एलएलएम और एमएड में भी प्रवेश परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर दाखिला मिलेगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में एलएलबी प्रवेश और पंजीकरण संबंधी सूचना अलग से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।