फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: घर के बाहर से गायब हुई तीन साल की बच्ची, अपहरण की रिपोर्ट दर्ज

विज्ञापन
विज्ञापन
डिडौली(अमरोहा)। घर से हमउम्र चचेरे भाइयों के साथ खेलने निकली तीन वर्षीय बच्ची अमायरा अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका सुराग नहीं मिला। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने जंगल और आसपास के क्षेत्र में घंटों कांबिंग की तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाली। अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विज्ञापन

मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के ढकिया चमन गांव का है। गांव निवासी मोहम्मद रजा केरल में सैलून चलाते हैं। परिवार में पत्नी सबनूर, दो बेटे अकरम और आमहम तथा बेटी अमायरा हैं। सोमवार सुबह अमायरा दादी फातिमा के साथ उनकी बहन मुनाजरा के घर गई थी। अमायरा हमउम्र चचेरे भाइयों अजमल और अजमत के साथ खेलने बाहर निकल गई। कुछ देर बाद दोनों लौट आए, लेकिन अमायरा नहीं आई। परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद मो. रजा के छोटे भाई अजीम ने डिडौली कोतवाली पहुंचकर अज्ञात के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने अमायरा के साथ खेलने गए बच्चों से जानकारी लेने के साथ गांव और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे इंस्पेक्टर जितेंद्र बालियान पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। टीम ने जंगल और आसपास के इलाकों में घंटों कांबिंग की, लेकिन बच्ची नहीं मिली। बच्चा चोरी के संदेह में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
विज्ञापन

दोपहर बाद सीओ डॉ. प्रदीप कुमार ने भी गांव पहुंचकर जानकारी जुटाई। बेटी के लापता होने की सूचना पर मोहम्मद रजा केरल से घर के लिए रवाना हो गए।


कहीं संभल की तरह अमरोहा में भी सक्रिय तो नहीं बच्चा चोर गिरोह
डिडौली। तीन वर्षीय अमायरा के लापता होने के बाद बच्चा चोर गिरोह को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हाल ही में संभल पुलिस ने भीड़भाड़ वाले इलाकों से बच्चों को चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर कुछ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। ऐसे में ग्रामीणों को आशंका है कि कहीं संभल की तर्ज पर अमरोहा में भी गिरोह सक्रिय तो नहीं हो गया। हालांकि, पुलिस को अभी बच्ची के अपहरण में किसी गिरोह के शामिल होने का कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है।


एक साल पहले गायब हुई थी नौ वर्षीय विदुषी, आज तक सुराग नहीं
डिडौली। सात अगस्त 2025 को लापता हुई डिडौली निवासी शिपिल की नौ वर्षीय बेटी विदुषी का अब तक सुराग नहीं मिला है। परिजनों ने काफी तलाश के बाद पुलिस को सूचना देकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस स्तर से भी बच्ची की तलाश जारी है। एक साल से अधिक समय बीतने के बावजूद पता नहीं चलने से परिजन परेशान हैं।


गांव और हाईवे के सीसीटीवी कैमरे भी बंद
ढकिया चमन में अमायरा के लापता होने के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। गांव में लगे अधिकांश कैमरे बंद मिले। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए हाईवे किनारे लगाए गए सीसीटीवी कैमरे भी काम नहीं कर रहे थे। कैमरों के बंद होने से पुलिस को तलाश में महत्वपूर्ण सुराग जुटाने में परेशानी हुई। ग्रामीणों का कहना है कि कैमरे चालू होते तो अमायरा के आने-जाने से संबंधित अहम सुराग मिल सकता था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें