हसनपुर। भाकियू शंकर की पंचायत का आयोजन तहसील प्रांगण में किया गया। जिसकी अध्यक्षता मास्टर राकेश चौहान व संचालन कैप्टन वीर सिंह ने किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी दिवाकर सिंह ने कहा कि ग्राम डोमखेड़ा में निर्माणाधीन 33/11 बिजली घर को जाने वाला रास्ता नक्शे में 10 मीटर है, जबकि मौके पर बहुत ही संकरा है, संगठन के लगातार तहसील व जिला स्तर पर प्रयास के बाद भी तहसील प्रशासन रास्ते का चौड़ीकरण नहीं कर पा रहे हैं। जल्द ही रास्ते को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए।
इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया। जिसमें आवारा कुत्तों एवं छुट्टा गोवंश के बढ़ते आतंक, किसानों की फसलों को हो रही क्षति, चकबंदी प्रक्रिया में व्याप्त भ्रष्टाचार, ग्राम समाज भूमि पर अवैध कब्जे, किसान क्रेडिट कार्ड में बैंकों की मनमानी, प्राकृतिक खेती को उचित मूल्य न मिलना, विद्युत आपूर्ति की अनियमितता, हसनपुर-अतरासी चौराहे पर जाम की समस्या तथा हसनपुर चीनी मिल के विस्तारीकरण की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
इस दौरान संगठन का विस्तार करते हुए ज्योति चौहान को तहसील अध्यक्ष महिला मोर्चा बनाया गया। इस मौके पर चौधरी धर्मवीर सिंह, नेमपाल सिंह, नेतराम सैनी, लोकेश चौहान, जगत सिंह, नरेश खारी, विक्रम पवार, मोजीरामपाल, सुखबीर भगत, मोनू चौधरी, मदन सैनी, जगत सिंह आदि मौजूद रहे।