अमरोहा। चीनी के अचानक बढ़े दाम को लेकर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। एसडीएम को तहसीलवार नजर रखने और कालाबाजारी रोकने के निर्देश दिए गए हैं। थोक विक्रेता एक गोदाम में अधिकतम 400 टन चीनी का स्टॉक रख सकेंगे। इससे अधिक मिलने पर कार्रवाई होगी। डीएम ने डिप्टी आरएम की अगुवाई में टीम गठित की है।
जिला विपणन अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि सोमवार को 17 थोक विक्रेताओं के गोदामों में स्टॉक की जांच की गई। सभी जगह 400 टन से कम चीनी मिली। विक्रेताओं को स्टॉक ऑनलाइन दर्ज करने और सप्ताह में एक बार स्टॉक रजिस्टर की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। मानक से अधिक स्टॉक मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम डॉ. नितिन गौड़ ने बताया कि जिला विपणन अधिकारी की अगुवाई में एक टीम बनाई गई है। जो थोक विक्रेताओं के यहां पर स्टॉक चेक करेगी। किसी के यहां भी 400 टन से ज्यादा चीनी नहीं होनी चाहिए। एसडीएम को भी निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में बाजार और थोक विक्रेताओं पर नजर रखें और निरीक्षण करें।