अमरोहा। शहर में बैंक्वेट हॉलों में कार्यक्रमों में पहुंचने वाले वाहनों की पार्किंग सड़क पर होने से जाम लगता है। इसे देखते हुए नगर पालिका के उप नगर आयुक्त डॉ. बृजेश कुमार ने मंगलवार को शहर के बैंक्वेट हॉल को नोटिस जारी किए। नोटिस में संचालकों को निर्धारित पार्किंग में ही वाहनों को खड़ा कराने के लिए कहा गया है। साथ ही सड़क पर पार्किंग मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
मंगलवार को उप नगर आयुक्त ने बताया कि नियम का उल्लंघन मिलने पर पालिका प्रशासन के जरिये करवाई कराई जाएगी। बैंक्वेट हाल संचालकों की मनमानी पर एफआईआर भी कराई जाएगी। शहर में प्रमुख सड़कों पर बैंक्वेट हॉल बने हैं। यहां संचालक वाहनों की पार्किंग सड़क पर करा देते हैं। जिससे रास्ते पर जाम लगता है।
उन्होंने बताया कि इन समस्याओं को देखते हुए सुधार के लिए बैंक्वेट हॉल संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं। निगरानी के लिए टीम भी बनाई गई है। पालिका की ओर से हर संभव कोशिश की जाएगी कि कहीं पर भी वाहनों के आवागमन में अवरोध न पैदा हो। उन्होंने पालिका के कर अधीक्षक, अवर अभियंता, सफाई निरीक्षकों को शासनादेशों का उल्लंघन कर संचालित बारात घरों में छापेमारी करने के निर्देश दिए। बरात घरों में प्रतिबंधित प्लास्टिक से बनी सामग्री का प्रयोग न करने के व आयोजन के बाद कूड़े का उचित निस्तारण कराने के निर्देश दिए। संवाद