सैदनगली। नगर पंचायत सैदनगली की जामा मस्जिद में रमजान के तीसरे जुमे में नमाज पढ़ने को लेकर शिया और सुन्नी पक्ष के लोगों में हुए विवाद के मामले में पुलिस ने दो लोगों का शांतिभंग में चालान किया है।
इससे पूर्व बुधवार की शाम को मस्जिद में अलम व बैनर लगाने पर विवाद हो गया था। जमकर मारपीट एवं पथराव हुआ था। मुतवल्ली मजहर अली की तहरीर पर सुन्नी पक्ष के छिद्दन उर्फ लाला, मौ.चमन, असलम, अनवार, अनीस, इन्तजार, युसुफ, सलमान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। शांति व्यवस्था के लिए मस्जिद के बाहर पुलिस बल को तैनात किया गया था। शुक्रवार को जुमे की नमाज पढ़ने को लेकर शिया व सुन्नी पक्ष के लोगों में फिर कहासुनी हो गई थी। नोकझोंक व धक्का मुक्की भी हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया था। सीओ दीप कुमार पंत ने मामले में जैगम अब्बास और अली काशिफ मेहंदी का शांतिभंग में चालान किया गया है।