गजरौला। मजदूरी के रुपये मांगने पर राज मिस्त्री ठेकेदार और उसकी पत्नी ने महिला के साथ मारपीट की। दंपती पर महिला को निवस्त्र कर पिटाई करने का भी आरोप है। पीड़िता कार्रवाई के लिए भटक रही है। उसका आरोप है कि पुलिस को तहरीर देने पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीण इलाके की महिला औद्योगिक क्षेत्र चौकी क्षेत्र में दस साल के बेटे के साथ किराए पर रहती है। उसका कहना है कि उसने राज मिस्त्री के ठेके में डेढ़ महीने तक काम किया। वह 13 मार्च को मजदूरी के रुपये मांगने गई। उसका आरोप है कि ठेकेदार व उसकी पत्नी ने उसके साथ मारपीट करते हुए कपड़े फाड़ दिए। महिला का यह भी आरोप है कि दंपती ने उसे निवस्त्र कर दिया। इसके बाद भी उसके साथ मारपीट करते रहे। वह तहरीर लेकर औद्योगिक चौकी और थाना गई। सीओ कार्यालय में जाकर भी गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने एसपी से आरोपी दंपती के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।