शौच के लिए जंगल में गई महिला से युवक ने तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। तीन महीने बाद फिर दबंगों ने परिजनों की पिटाई की। जमकर बवाल किया। पीड़िता की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। लिहाजा पीड़िता ने आईजीआरएस पर शिकायत दर्ज कराई। जिसके आधार पर नौगांवा पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
यह मामला नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के एक गांव का है। आरोप है कि 30 जुलाई 2021 की रात करीब नौ बजे ग्रामीण की पत्नी शौच के लिए घर से बाहर गई थी। तभी उसे सोजीत सिंह ने तमंचे के बल पर बंधक बना लिया और गन्ने के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर महिला के परिजन मौके पर आ गए। इस दौरान आरोपी गोली मारने की धमकी देते हुए भाग गया। इस मामले में पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आरोप है कि 16 अक्तूबर को महिला अपने देवर के साथ गन्ने छील रही थी। तभी आरोपी सोजीत के परिजनों ने दोनों की पिटाई की। फावड़े से हमला किया। दुष्कर्म के मामले में फैसले का दबाव बनाया। किसी तरह देवर-भाभी जान बचाकर घर पहुंचे। आरोप है कि बाद में दबंग घर में घुस आए और परिजनों की पिटाई की। जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित दिया। पीड़ितों ने इसकी शिकायत आईजीआरएस पर की। सीओ विजय कुमार राणा ने बताया कि आईजीआरएस पर मिली शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीओ के मुताबिक दुष्कर्म के मामले में सोजीत और मारपीट व धमकी के मामले में उसके पिता रामोतार, किशनपाल, हेमराज, रोहताश, सचिन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।