दुष्कर्म पीड़िता ने एसपी अमित कुमार आनंद को शिकायतीपत्र सौंपकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही आरोपी के भाइयों पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने और विवेचक पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस पर आरोपी को गिरफ्तार न करने का आरोप लगाया है।
अमरोहा के एक मोहल्ले निवासी विवाहिता ने करीब एक महीना पहले अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव कांकर सराय निवासी आदिल पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में बयान दर्ज करा दिए थे। लेकिन, पुलिस ने अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। आरोप है कि मुकदमे के विवेचक आरोपी से हमसाज हो गए हैं। इसके चलते आरोपी को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा जा रहा है।
सोमवार को पुलिस कार्यालय पहुंचकर पीड़िता ने एसपी को मामले से अवगत कराया। कहा, आरोपी राजनीतिक संरक्षण के चलते खुलेआम घूम रहा है। उसके भाई मुकदमे वापस लेने को दबाव बना रहा है। इन्कार करने पर तेजाब फेंकने की धमकी दी है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी खुलेआम कहता हुआ घूम रहा है कि उसने खुद को बचाने के लिए पुलिस पर 20 लाख रुपये का खर्चा किया है। दुष्कर्म पीड़िता ने आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर खुद को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी है। मामले में एसपी ने पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश दिया है।