अमरोहा। रुपयों के विवाद में खाद-बीज विक्रेता को गोली मारने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसके कब्जे से तमंचा भी बरामद कर लिया है। वहीं दुकानदार की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
इंस्पेक्टर संजीव कुमार त्यागी ने बताया कि देहात थानाक्षेत्र में अतरासी रोड स्थित हुसैनपुरा गांव निवासी दीपक सैनी खाद-बीज की दुकान चलाते हैं। दीपक सैनी ने अपने दोस्त किशनगढ़ गांव निवासी देवेंद्र सैनी के फूफा से कुछ रुपये उधार लिए थे। रुपये के लेनदेन में देवेंद्र सैनी बिचौलिया बना हुआ था। कई बार मांगने के बाद भी दीपक सैनी रुपये वापस नहीं कर रहा था। मंगलवार की दोपहर दुकान पर दीपक और देवेंद्र सैनी के बीच कहासुनी हो गई थी। नौबत मारपीट तक पहुंच गई। तभी देवेंद्र सैनी ने तमंचा निकाल कर दीपक सैनी को गोली मार दी। गोली दीपक के गाल को पार करती हुई गर्दन में जाकर अटक गई थी। अब आरोपी देवेंद्र सैनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसके कब्जे से तमंचा भी बरामद कर लिया गया है।