रहरा। निर्माणाधीन मकान का छज्जा निकालने के विवाद में हुई किसान की हत्या के मामले में आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेजा गया है। रहरा थाना क्षेत्र के गांव बुरावली में जगपाल छह जून को अपना मकान का छज्जा बनवा रहा था। तभी मोहल्ले के बलेश, रामकेश व वेद प्रकाश ने छज्जा निकालने का विरोध किया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में लाठी डंडे चले थे एवं पथराव भी हुआ था।
इस दौरान बीच बचाव में आए जगपाल के चचेरे भाई दिनेश(40) के सिर में ईंट लगने से वह घायल हो गया था। 11 जून को उपचार के दौरान दिल्ली में दिनेश की मौत हो गई थी। परिजनों ने आरोपियों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज करते हुए गिरफ्तार करने की मांग को लेकर हंगामा किया था।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी रामकेश, बलेश, वेद प्रकाश के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 (1),115(2) और 352 / 351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। रविवार को आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने रहरा थाना परिसर में धरना दिया।
थाना प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि इस मामले में आरोपी बलेश को गिरफ्तार कर लिया है। संवाद