हसनपुर-अतरासी रोड पर गांव रजोहा में रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे सड़क क्रॉस कर रही मासूम बच्ची को ट्रक ने कुचल दिया। मौके पर ही बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत पर भड़के ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार करने की सूचना देकर पुलिस करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुलवा सकी। उधर, मासूम बच्ची की मौत से परिजनों मेें कोहराम मच गया। गांव रजोहा निवासी ब्रजेश सैनी साप्ताहिक बाजार में पकौड़ी का ठेला लगाकर परिवार की गुजर करता है। ब्रजेश पर कोई बेटा नहीं है।
दो बेटियां हैं। बताया जाता है कि रविवार सुबह को ब्रजेश के परिवार से एक युवक की बारात जाने की तैयारी हो रही थी। ब्रजेश की पांच वर्षीय बेटी ट्विंकल अपने घर से बारात वाले घर को जाने के लिए सड़क से गुजर रही थी। करीब साढ़े दस बजे हसनपुर की ओर से आ रहा अनियंत्रित ट्रक बच्ची को कुचलता हुआ चला गया।
मौके पर ही बच्ची की मौत हो गई। भड़के लोगों ने ट्रक चालक की गिरफ्तारी व गांव में स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। उधर, मासूम बच्ची की मौत की खबर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।
जाम खुलवाने के लिए पुलिस व ग्रामीणों की बीच तीखी नोकझोंक हुई। आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की बात सुनकर ग्रामीण शांत हो पाए। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस जाम खुलवा सकी।