कुनिहार के बनिया देवी के पास मारुति वैन के गहरी खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
- फोटो : amarujala
हसनपुर-रहरा रोड पर गांव बुरावली में ईदगाह के पास गुरुवार सुबह पौने सात बजे ट्रैक्टर का अगला टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली खंदक में पलट गई। हादसे में मासूम बच्ची व मां की मौत हो गई। जबकि आठ लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
यहां से दो को गंभीर हालत में रेफर किया गया। हादसे में मां-बेटी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है। कोतवाली क्षेत्र के गांव अल्लीपुर मिलक निवासी सतीश पुत्र टीकाराम परिवार व कुछ गांववालों के साथ गुरुवार सुबह करीब पौने सात बजे रिश्तेदारी में गांव पथरा से गन्ने का बीज लेने ट्रैक्टर-ट्राली से जा रहे थे।
ट्रैक्टर-ट्राली पर दस लोग सवार थे। हसनपुर-रहरा रोड पर गांव बुरावली में ईदगाह के पास ट्रैक्टर का अगला पहिया अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। इसके बाद अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्राली खंदक में कई कलाबाजियां खाती हुई पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
किसी तरह से ट्रैक्टर ट्राली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में सुनीता (35) पत्नी सतीश व उसकी बेटी सिद्धि (3) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि करीब आठ लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहरा में भर्ती कराया गया। दो घायलों को गंभीर हालत में रेफर कर दिया। मां-बेटी की मौत से परिजनों कोहराम मचा हुआ है।