अमरोहा। साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट कराकर युवक से 2.12 लाख की ठगी कर ली। बाद में ओर पैसे ट्रांसफर करने को कहा तो युवक को ठगी का अहसास हुआ। साइबर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गजरौला के मोहल्ला जवाहर नगर निवासी अर्जुन सिंह शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट करता है। एफआईआर के अनुसार 31 जुलाई को अर्जुन के पास एक अंजान नंबर से कॉल आई। रिसीव करते ही दूसरी तरफ से बात करने वाले शख्स बोला कि उसे शेयर मार्केट में होने वाले उतार-चढ़ाव का अच्छा तजुर्बा है। अगर इस समय पैसे इन्वेस्ट किए गए तो अच्छा लाभ हो सकता है, लेकिन इसके बदले में मुनाफे का 30 प्रतिशत हिस्सा देना पड़ेगा।
अर्जुन ने उसी दिन अपना स्टॉक ट्रेड अकाउंट क्रिएट करा लिया। इसके बाद 31 जुलाई से छह अगस्त के बीच अकाउंट में लगभग 2.12 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। उन्होंने फिर उसी नंबर पर कॉल की तो बताया गया कि मार्केट ठीक नहीं चल रही है। शेयर ट्रेंडिंग में घाटा चल रहा है। जमा रकम को बचाने के लिए अभी और पैसे इन्वेस्ट होने हैं यह बात सुनकर उनके होश उड़ गए। उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए साइबर थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र बालियान ने बताया कि इस मामले में मोबाइल नंबर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू करने की बात कही।