मंडी धनौरा (अमरोहा)। ग्राम पंचायत पक्खरपुर के प्रधान पद से इस्तीफा देकर बुलंदशहर जनपद न्यायालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बना युवक धोखाधड़ी में फंस गया है। जिला न्यायालय के प्रशासनिक अधिकारी की तहरीर पर उसके खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपी युवक ज्वाॅइनिंग के बाद से ही अनुपस्थित चल रहा है।
साल 2021 में हुए पंचायत चुनाव में गांव मुसल्लेपुर निवासी विकास कुमार ग्राम पंचायत पक्खरपुर का प्रधान निर्वाचित हुआ था। मई में बुलंदशहर जनपद न्यायालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर अपनी नियुक्ति की बात कर उसने प्रधान पद से त्यागपत्र दे दिया था। विकास ने 15 मई को जनपद न्यायालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में ज्वाइन कर लिया। जनपद न्यायालय के प्रशासनिक अधिकारी अतुल कुमार मिश्रा द्वारा नगर कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक हाईकोर्ट से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नियुक्ति की सूची में विकास का नाम क्रमांक संख्या 16 पर दर्ज था।
प्रशासनिक अधिकारी द्वारा दी गई तहरीर के मुताबिक सत्यापन के समय ही मामला संदिग्ध पाया गया। सत्यापन प्रक्रिया के दौरान विकास का फोटो, आवेदन से लेकर दस्तावेज सभी बेमेल पाए गए हैं। आरोपी युवक भी ज्वाॅइनिंग के बाद से ही अनुपस्थित चल रहा है। वही दूसरी ओर विकास कुमार के प्रधान पद से त्यागपत्र के बाद ग्राम पंचायत के कार्य संपादित करने के लिए एक सदस्य को जिम्मेदारी सौंपी गई है। एडीओ पंचायत रामचंद्र ने बताया कि विकास कुमार ने इस्तीफा दे दिया है।