डिडौली (अमरोहा)। नेशनल हाईवे पर 30 अप्रैल को सड़क हादसे में घायल मंडी धनौरा के गांव मिठनपुर निवासी मुकेश कुमार (30) की बुधवार को उपचार के लिए मेरठ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मंडी धनौरा क्षेत्र के गांव मिठनपुर निवासी जगदीश का बेटा मुकेश मुरादाबाद में वेल्डिंग का काम करता था। 30 अप्रैल को देर शाम वह बाइक से घर लौट रहा था। नेशनल हाईवे पर बुढ़नपुर फ्लाईओवर के पास आगे चल रही कार चालक आकिल ने अचानक गांव पतेई खालसा की ओर मोड़ दिया। अचानक कार मोड़ने के कारण बाइक कार से टकरा गई। हादसे में मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया था। आसपास के लोगाें ने उसे चौधरपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर बुधवार को परिजन उसे मेरठ उपचार के लिए लेकर जा रहे थे। इसी दौरान गढ़मुक्तेश्वर के पास रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही मृतक की मां कुसुम देवी, पत्नी पारूल देवी और बच्चों समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि मृतक के भाई काविंद्र की तहरीर पर पतेई खालसा निवासी कार चालक आकिल के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं, पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।