कश्मीर से शादीशुदा प्रेमी संग आई महिला को पुलिस ने अमरोहा शहर से बरामद कर लिया। कश्मीर पुलिस ने फोन की लोकेशन के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया। परिजनों की गुहार पर पुलिस प्रेमी को छोड़ने के बाद महिला को अपने साथ ले गई है।
अमरोहा नगर के एक मोहल्ला निवासी युवक कुछ महीने पहले मजदूरी के लिए कश्मीर गया था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा बच्चे भी हैं। कश्मीर में युवक का एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग हो गया। करीब दो महीने पहले युवक महिला को लेकर आया गया। विवाहिता के पति ने कश्मीर के पुंछ थाने में युवक पर पत्नी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कश्मीर पुलिस युवक और महिला की तलाश में जुटी हुई थी। शुक्रवार शाम कश्मीर पुलिस लोकेशन के आधार पर अमरोहा पहुंची और नगर कोतवाली पुलिस के सहयोग से प्रेमी युगल को एक धर्मस्थल पर घूमते हुए पकड़ लिया। पुलिस दोनों को लेकर कोतवाली पहुंची और पूछताछ की। इस दौरान विवाहिता ने अपनी मर्जी से युवक के साथ अमरोहा आने की बात कही। इस बीच युवक के परिजन भी कोतवाली पहुंच गए और यहां कश्मीर पुलिस से उसे छोड़ने की गुहार लगाई। कई घंटे तक चली पूछताछ के बाद कश्मीर पुलिस युवक को यहीं छोड़कर महिला को अपने साथ साथ ले गई।