मंडी धनौरा (अमरोहा)। गांव कलाली में बृहस्पतिवार सुबह आटा पीसने की चक्की में दुपट्टा फंसने से मनोज देवी (34) की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि महिला का सिर धड़ से अलग हो गया। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
गांव कलाली निवासी नरेंद्र पेशे से चालक हैं। उन्होंने आजीविका के लिए घर में ही आटा चक्की लगा रखी है। परिजनों के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह नरेंद्र डयूटी पर गए थे। इस बीच उनकी पत्नी मनोज देवी ने आटा पीसने की चक्की चालू कर दी। उनके पास दो बच्चे भी मौजूद थे। अचानक मनोज देवी का दुपट्टा आटा चक्की की बेल्ट में फंस गया और वह मशीन की चपेट में आ गईं।
हादसा इतना भयानक था कि मनोज देवी का सिर धड़ से अलग हो गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर घर के भीतर मौजूद नरेंद्र की मां बाहर आई और बहू का लहूलुहान हालत में पड़ा देख चीख निकल गई। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर नरेंद्र भी गांव आ गया और पत्नी का शव देखकर बेसुध हो गया। परिजनों से मनोज देवी के मायके वालों को भी बुला लिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।