अमरोहा। सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इसको लेकर शुक्रवार को जिलेभर में कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिला मुख्यालय पर ज्योतिबा फूले चौराहा से कलक्ट्रेट तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा स्कूलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के आयोजन को नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि जिलेभर में शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। कहा कि यह स्वतंत्र भारत के वास्तुकार के रूप में सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान को मान्यता देने और राष्ट्र की सुरक्षा, एकता और अखंडता को सुनिश्चित करने के लिए हमारी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने का दिन है।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर देश की एकता और अखंडता के लिए राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा और जनपद में राष्ट्रीय एकता के संदेश को फैलाने के लिए, समाज के सभी वर्गों के लोगों के सहयोग से उचित स्थानों पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन भी होगा। अलग-अलग स्थानों पर पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। मुख्यालय पर महात्मा ज्योतिबा फूले चौक से कलक्ट्रेट तक पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा।
इसमें अधिकारियों, जनप्रतिनिधि व स्कूली बच्चों समेत आम नागरिक भी प्रतिभाग करेंगे। इसके अलावा तिगरी मेला स्थल पर सेक्टर एक से सेक्टर आठ तक स्वच्छता अभियान भी चलेगा। इसके अलावा स्वदेशी मेलों का आयोजन व नशा मुक्ति अभियान का भी आयोजन किया जाएगा। साथ ही स्कूलों में वाद-विवाद, सेमिनार एवं खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन व निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।