रजबपुर (अमरोहा)। हाईवे पर शनिवार की सुबह गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक वीरेंद्र सिंह और उनके बेटे लविश बाल-बाल बच गए। घटना के बाद हाईवे पर काफी देर तक जाम लगा रहा। ऐसे में यातायात को सर्विस रोड से डायवर्ट करना पड़ा।
हादसा सुबह करीब 8:30 बजे शकरपुर गांव के अंडरपास प्लाईओवर के पास हुआ। चालक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रॉली उछलने के बाद उन्होंने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। प्रारंभिक तौर पर ट्रॉली का संतुलित तरीके से न भरा होना हादसे की वजह माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और आसपास से गुजर रहे अन्य वाहन भी सुरक्षित रहे। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रैक्टर बीच सड़क पर पलटने से यातायात बाधित हो गया और लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलने पर एनएचएआई की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात को कुछ समय के लिए सर्विस रोड की ओर मोड़ दिया, जिससे धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो सकी। मौके पर पहुंची हाइड्रा मशीन की मदद से पलटे ट्रैक्टर को सीधा किया गया और सड़क पर फैले गन्नों को हटाया गया। इसके बाद यातायात को पूरी तरह सुचारू कराया गया। सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।