बुरावली। गंगेश्वरी ब्लॉक क्षेत्र के गांव मटीपुरा में खेत से ऊपर से गुजर रही बिजली की जर्जर लाइन से निकली चिंगारी के कारण गेहूं के खेत में आग लग गई। थोड़ी ही देर में साढ़े तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है।
क्षेत्र के गांव मटीपुरा में किसान जगदीश का परिवार रहता है। जगदीश ने अपने बड़े भाई की जमीन को ठेके पर लेकर गेहूं की फसल लगाई थी। रविवार की दोपहर को उनके खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली की जर्जर लाइन से चिंगारी निकली। जिससे पूरे खेत में आग लग गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही हल्का लेखपाल सतीशचंद्र मौके पर पहुंचे और उन्होंने नुकसान का आंकलन किया। पीड़ित ने मुआवजे की मांग की है। उधर, घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने बिजली की जर्जर लाइन बदलवाने की मांग की है।