हसनपुर में दबंगों के डर से घर पर लिखा मकान बिकाऊ है।
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर (अमरोहा)। नगर के मोहल्ला कोर्ट पूर्वी निवासी एक व्यक्ति ने दूसरे समुदाय के लोगों पर उत्पीड़न और घर पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए मकान की दीवार पर बिकाऊ है लिखवा दिया है। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग के लिए थाने में भी तहरीर दी गई है। वहीं पुलिस दोनों पक्षों में समझौता होने की बात कह रही है।
नगर के मोहल्ला कोट पूर्वी निवासी तुलाराम का कहना है कि मकान पर दूसरे समुदाय के कुछ लोग कब्जा करना चाहते हैं। कई बार धमकी दे चुके हैं। बुधवार को 10-13 व्यक्ति घर पहुंचे और घर खाली कराने की धमकी दी। ऐसा नहीं करने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने की भी धमकी दी गई। इससे परेशान व्यक्ति ने घर की दीवार पर बिकाऊ है लिखवा दिया है। इसके बाद पीड़ित थाने पहुंचा और तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार घर छोड़ने को मजबूर होगा। बताते हैं कि सोशल मीडिया पर पीड़ित की वीडियो भी वायरल हुई है। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा का कहना है कि जानकारी मिलते ही दूसरे पक्ष को भी थाने बुलाया गया और दोनों पक्षों की बात जानने के बाद समझौता करा दिया गया है।