गजरौला (अमरोहा)। डेयरी इंडिया (मोदीनगर) में काम करने वाले युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने साथियों पर ही उसे जबरन शराब पिलाने का आरोप लगाया है। वे उसका शव लेने के लिए वहां रवाना हो गए। पुलिस ने जानकारी होने से इनकार किया है।
गुरुवार को नगर के मोहल्ला नाईपुरा स्थित कांशीराम कॉलोनी में रहने वाली आशा वर्कर प्रभा ने बताया कि उन्हें अपराह्न लगभग 12 बजे सूचना मिली कि गांव इस्सेपुर (मोदीनगर) स्थित नमस्ते इंडिया डेयरी में काम करने वाले उनके पुत्र विशाल (30) उर्फ बॉबी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। आरोप लगाया कि उसके साथ में ही काम करने वाले मोहल्ला सुल्ताननगर के युवकों ने बुधवार की रात उसे जबरन शराब पिलाई थी। इसी से उसकी हालत बिगड़ गई थी। रात भर वह उल्टियां करता रहा लेकिन किसी ने उसपर ध्यान नहीं दिया। वहीं पति की मौत की जानकारी होने पर गर्भवती पत्नी रेखा का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक अपने पीछे सवा दो साल की पुत्री धारा को भी रोता-बिलखता छोड़ गया है। वहीं, लॉकडाउन होने के कारण परिजन वहां जाने के लिए परेशान हो उठे। सीएचसी से पत्र लिखवाने के बाद ही वे एंबुलेंस में बैठकर मोदीनगर की ओर रवाना हो गए। वहीं पुलिस ने इस संबंध में कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया।