जोया-संभल रोड पर ब्रेकर पर उछलने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरे संभल के कांवड़िये मुकेश (30) की मौत हो गई। हादसा बृहस्पतिवार की रात हुआ। वह परिवार के साथ ट्रैक्टर-ट्राॅली से हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहे थे। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। कांवड़िये की मौत से शिवभक्त बदहवास हो गए। सभी हरिद्वार जाने की बजाय घर लौट गए। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन शव को घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया है।
मृतक कांवड़िया मुकेश संभल जनपद के कैलादेवी थानाक्षेत्र के केली पतरासी गांव के रहने वाले शीशपाल सिंह के बेटे थे। चार भाइयों में सबसे छोटे मुकेश के परिवार में पत्नी कृष्णावती के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। परिजनों के मुताबिक हर साल की तरह गांव के लोग ट्रैक्टर-ट्राॅली से हरिद्वार से गंगाजल लेने जा रहे थे। सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करना था।
अलग-अलग दो ट्रैक्टर-ट्राॅली में करीब 70 लोगों का जत्था सवार था। मुकेश कुमार पीछे चल रही ट्रैक्टर-ट्राॅली मैं बैठे थे। बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे ट्रैक्टर-ट्राॅली डिडौली कोतवाली क्षेत्र में जोया संभल रोड स्थित कपासी पुलिस चौकी के सामने पहुंची तो सड़क पर बने ब्रेकर के कारण ट्रैक्टर ट्राॅली को तेज झटका लगा। झटके के साथ ट्रॉली के उछलते ही ही मुकेश सिर के बल सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में मुकेश कुमार की मौके पर मौत हो गई। साथी कांवड़िये की मौत के बाद ट्रैक्टर-ट्राॅली में सवार शिवभक्तों में चीखपुकार मच गई। सूचना पर डिडौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। मुकेश कुमार की मौत के बाद साथ ही शिवभक्त हरिद्वार जाने की बजाय गांव लौट गए। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन मृतक मुकेश के शव को घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया है। हादसे को इत्तेफाकिया दर्ज किया गया है।