नौगांवा सादात। गुलड़िया गांव में घर के बाहर लगी टंकी पर बच्ची के पानी पीने को लेकर दबंगों ने किसान के परिवार पर हमला कर दिया। उनकी पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के करीब दो महीने बाद कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है। गुलड़िया गांव में अर्जुन का परिवार रहता है। 30 सितंबर को उनकी दो वर्ष साल की बच्ची ने पड़ोसी नन्हे के घर के बाहर लगी टंकी पर पानी पी लिया। बस इसी बात को लेकर नन्हे ने सड़क पर बच्ची और उसके परिजनों को गालियां दीं। अर्जुन ने गालियां देने से मना किया तो अभियुक्त मारपीट पर उतारू हो गए। शाम को करीब पांच बजे अर्जुन और उसके पिता हरकिशन गांव से घर लौट रहे थे। तो रास्ते में नन्हे ने उन्हें रोक लिया और अंजू, शिव, मुकेश सिंह, सिंजी, अंजलि और गजराम के साथ मिलकर मारपीट की।
बचाव में आई अर्जुन की पत्नी शीतल की भी पिटाई की। लोगों के आने पर आरोपी भाग गए। इस मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। लिहाजा अर्जुन की पत्नी शीतल ने कोर्ट की शरण ली। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि मामले में एसीजेएम के आदेश पर अंजू, शिव, मुकेश सिंह, सिंजी, अंजलि व गजराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद